Current Affairs

मानहानि मामले में एम्बर हर्ड ने मांगे 10 मिलियन डॉलर

गुरुवार को वर्जीनिया कोर्ट में एम्बर हर्ड ने एक अपील दायर की है। उन्होंने कोर्ट से गुहार लगाई है कि उन्हें जॉनी डेप से 10 मिलियन डॉलर प्राप्त कराए जाएं। बीते समय में जिस प्रकार उनकी शादीशुदा जिंदगी की अंदरूनी परतें खोली गईं उस मानहानि के बदले उन्होंने इस रकम की मांग की। हर्ड के प्रवक्ता के मुताबिक, "न्यायालय से निर्णय देने में कुछ चूक हो गई है, इसलिए हम निर्णय की भी अपील करते हैं"। उन्होंने यह भी कहा कि इस अपील से ट्विटर पर भी काफी शोर होने की संभावना है, लेकिन वे सिर्फ साफगोई और न्याय की उम्मीद करते हैं।

भारत ने अब तक श्रीलंका को दी 3.8 बिलियन डॉलर की सहायता: विदेश मंत्रालय

भारत का कहना है कि वह संकट के समय में श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है। इस साल जनवरी से अभी तक भारत ने श्रीलंका को 3.8 बिलियन डॉलर की सहायता दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत, श्रीलंका का सबसे करीबी पड़ोसी है और दोनों देश गहरे सभ्यतागत बंधन साझा करते हैं। भारत जरूरत पड़ने पर अपने पड़ोसी देश की हर संभव सहायता करेगा।

नूपुर शर्मा को 'मारने के लिए' सीमा पार से आया पाकिस्तानी गिरफ्तार

भारत की खुफिया एजेंसियां एक पाकिस्तानी शख्स से पूछताछ कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले इस शख्स ने दावा किया है कि वो भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा की हत्या करने के लिए आया है। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, 16 जुलाई को इस व्यक्ति को एक आउटपोस्ट के पास देखा गया और इसकी हरकतें संदिग्ध लगीं। दावा किया गया है कि इस व्यक्ति के पास से एक चाकू, धार्मिक पुस्तकें और कुछ कपड़े मिले हैं। उसने बताया है कि वो उत्तरी पंजाब से है।

दिल को सुकून देनेवाली खबर! शोधकर्ताओं ने बनाया कृत्रिम मानव हृदय

टोरंटो और मॉन्ट्रियल विश्वविद्यालयों के शोधकर्ताओं ने कृत्रिम मानव हृदय बनाया है। इसकी खास बात ये है कि यह सामान्य रूप से धड़कता है। अगर ये प्रयोग कामयाब होता है, तो हृदय रोगों से मरने वाले लोगों की संख्या में अप्रत्याशित कमी आ सकती है। ​एक रिपोर्ट की मानें तो दुनिया भर में हर साल करीब 18 मिलियन लोग हृदय रोगों की वजह से अपनी जान गंवा देते हैं।

GST की दरों में बदलाव, आज से महंगी होंगी ये चीजें

आज 18 जुलाई से आम आदमी का खर्च बढ़ने वाला है। रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली जरूरी वस्तुओं की कीमत पर अब अधिक GST देना होगा। इनमें पहले से पैक और लेबल वाले खाद्य पदार्थ जैसे आटा, पनीर और दही जैसी चीजें शामिल हैं। इन पर 5 प्रतिशत GST देना होगा। अस्पताल का खर्च भी बढ़ेगा। वहीं होटल के कमरों के लिए 12 प्रतिशत के ह‍िसाब से टैक्‍स लगाने का प्रावधान क‍िया गया है। जीएसटी की दरें 5 से 18 फीसदी तक बढ़ी हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद ने जून के आख‍िरी सप्‍ताह में बैठक की थी, जिसमें GST दरों में बदलाव का फैसला किया गया था।

बड़ी कंपनियों को देना पड़ सकता है भारत समाचार प्रकाशकों को मुआवजा

भारत सरकार एक नियम की योजना बना रही है। इस नियम के मुताबिक बड़ी कंपनियों को भारतीय समाचार प्रकाशकों के न्यूज़ का उपयोग करने पर भुगतान करना होगा। IT राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि अगर गूगल, मेटा, ट्विटर, ऐप्पल, माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनियां भारत के किसी समाचार प्रकाशक की सामग्री (links) का उपयोग करते हैं तो उन्हें बदले में भुगतान करना चाहिए। मंत्री ने कहा इस तरह के नियम बदलते वक्त की जरुरत है जिसका फायदा भारतीय मीडिया उठाएगी।

भारत बढ़ती वैश्विक महंगाई के जाल से बच सकता है: आरबीआई

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कहा कि भारत बढ़ती महंगाई से बच सकता है। वैश्विक स्तर पर मंदी और युद्ध की आशंकाओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था में मजबूती के संकेत दिखाई दे रहे हैं। RBI के अनुसार मजबूत कृषि गतिविधि और विनिर्माण व सेवाओं में तेजी से भारत की अर्थव्यवस्था उच्च विकास दर को प्राप्त कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो भारत में बढ़ती महंगाई से बचा जा सकता है।

बुंदेलखंड की बदलेगी सूरत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे सौगात

रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार होने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जनता को समर्पित कर रहे हैं। इसका शिलान्यास 20 फरवरी, 2020 को किया गया था। अत्याधुनिक बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे सात जिलों से होकर गुजरता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी लाभ होगा।

TikTok के कारण अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा

अमेरिका ने चीनी मोबाइल ऐप TikTok को अपने देश की सुरक्षा के लिए खतरा माना है। फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) का स्पष्ट मानना है कि अमेरिकी सैन्य सेवा के सदस्यों का अपने निजी फोन पर TikTok का इस्तेमाल खतरनाक है। यह मामला सदन में भी उठ चुका है। TikTok की पेरेंट कंपनी ByteDance अब अमेरिका में भी परेशानी में पड़ गई है।

❗️तमिलनाडु के मुख्यमंत्री MK Stalin कोविड पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री MK Stalin कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। गुरुवार सुबह उन्हें चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि कोविड संबंधी लक्षणों को देखने के बाद जांच के लिए उन्हें भर्ती किया गया है। मंगलवार को MK Stalin ने ट्वीट कर अपनी तबीयत के बारे में बताया था और लोगों को मास्क पहनने की हिदायत दी थी।